फतेहाबाद शहर में शहीद की पत्नी की स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपियों पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी सुंदर नगर निवासी राजेंद्र कुमार, उसके बेटे ललित कुमार, प्रदीप व सोनू शाक्य पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115, 3(5), 324(4), 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। पंजाब के फरीदकोट जिले से भाई के घर आई थी महिला पुलिस को दी शिकायत में दो साल पहले लद्दाख में खाई में सेना की गाड़ी गिरने से शहीद हुए नायब सूबेदार रमेश लाल की पत्नी गीता रानी ने बताया है कि उसकी ससुराल पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव सौरसरी में है। वह 23 नवंबर की शाम को अपने मायके में भाई विनोद कुमार से मिलने के लिए आई हुई थी। रात को स्कॉर्पियो पर ईंट मारकर की तोड़फोड़ गीता रानी ने बताया कि उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी भाई के घर के बाहर गली में खड़ी की थी। 23 नवंबर की रात को राजेंद्र कुमार, उसका बेटा ललित कुमार व उनके दो अन्य साथी प्रदीप, सोनू शाक्य ने आकर गाली गलौच करनी शुरू कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी और ईंटें मारकर उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी तोड़ डाली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उनके बयान दर्ज किए। चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है-एसएचओ फतेहाबाद के सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि शहीद रमेश लाल की पत्नी गीता रानी के बयान पर चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।


