फरवरी में रेल यात्रियों को राहत:चित्तौड़गढ़ होकर गुजरने वाली ट्रेनों में 7 अतिरिक्त डिब्बे, यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला

रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए एक फैसला लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने चित्तौड़गढ़ से होकर गुजरने वाली तीन जोड़ी रेल सेवाओं में कुल 7 डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था फरवरी महीने में लागू रहेगी, ताकि त्योहारों, शादियों और सामान्य यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को आसानी से संभाला जा सके। रेलवे के इस कदम से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और सफर ज्यादा आरामदायक हो सकेगा। दिल्ली–उदयपुर रेलसेवा में स्लीपर कोच डिब्बों की बढ़ोतरी उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि गाड़ी संख्या 20473/20474, दिल्ली सराय–उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय रेलसेवा में दो द्वितीय स्लीपर कोच के डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी की जा रही है। यह बढ़ोतरी दिल्ली सराय से 1 फरवरी से 28 फरवरी तक तथा उदयपुर सिटी से 2 फरवरी से 1 मार्च तक प्रभावी रहेगी। इस रेलसेवा से चित्तौड़गढ़ होकर बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली और उदयपुर की यात्रा करते हैं, ऐसे में स्कोर कुछ की डिब्बों की संख्या बढ़ने से मध्यम वर्ग के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। मदार–कोलकाता एक्सप्रेस में सेकंड एसी डिब्बा शामिल रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 19608/19607, मदार–कोलकाता–मदार एक्सप्रेस में भी अस्थाई रूप से एक सेकंड एसी डिब्बा जोड़ा जा रहा है। यह व्यवस्था मदार से 2 फरवरी से 23 फरवरी तक और कोलकाता से 5 फरवरी से 26 फरवरी तक लागू रहेगी। इस ट्रेन से पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। चित्तौड़गढ़ से कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह फैसला खास तौर पर फायदेमंद साबित होगा। जोधपुर–इंदौर रेलसेवा में साधारण और स्लीपर कोच के डिब्बों की सुविधा इसके अलावा गाड़ी संख्या 14801/14802, जोधपुर–इंदौर–जोधपुर रेलसेवा में भी अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। इस ट्रेन में एक द्वितीय स्लीपर कोच और तीन साधारण श्रेणी के डिब्बे जोड़े जा रहे हैं। जोधपुर से यह सुविधा 1 फरवरी से 28 फरवरी तक और इंदौर से 4 फरवरी से 3 मार्च तक उपलब्ध रहेगी। साधारण डिब्बों की संख्या बढ़ने से दैनिक यात्रियों, मजदूरों और ग्रामीण क्षेत्रों से सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। चित्तौड़गढ़ के यात्रियों और व्यापार को सीधा लाभ इन सभी रेल सेवाओं में डिब्बों की बढ़ोतरी से चित्तौड़गढ़ को फायदा मिलेगा। चित्तौड़गढ़ एक जरूरी जंक्शन होने के कारण यहां से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, उदयपुर, इंदौर, जोधपुर और कोलकाता जैसे शहरों की यात्रा करते हैं। अतिरिक्त डिब्बे लगने से वेटिंग लिस्ट कम होगी, भीड़ का दबाव घटेगा और यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा। साथ ही, बेहतर रेल सुविधा मिलने से व्यापार, पर्यटन और शिक्षा से जुड़े यात्रियों को भी सहूलियत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *