फरीदकोट का बहिबल गोलीकांड:बहिबल मोर्चे ने केजरीवाल-सीएम मान को लिखा पत्र, AAP सरकार पर उठाए सवाल

फरीदकोट में 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले और बहिबल गोलीकांड के पीड़ित परिवार के सदस्य सुखराज सिंह नियामीवाला ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आप ने चुनाव से पहले 24 घंटे में इंसाफ देने का वादा किया था, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी न्याय नहीं मिला। इंसाफ मोर्चे ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर उनका वादा याद दिलाया है। सुखराज सिंह ने कहा कि इस मामले में हर सरकार ने सिर्फ राजनीति की है। 2017 में कांग्रेस भी पांच साल तक न्याय दिलाने में नाकाम रही और अब आप सरकार भी झूठे वादे करके सत्ता में आने के बाद अपना वादा भूल गई है। केस चंडीगढ़ स्थानांतरित होने का बताया जिम्मेदार सुखराज सिंह ने बरगाड़ी बेअदबी और बहिबल गोलीकांड से जुड़े मामलों की सुनवाई फरीदकोट से चंडीगढ़ स्थानांतरित होने के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोर्ट में इन मामलों की उचित पैरवी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी भी समय है और सरकार को इन मामलों में उचित कार्यवाही करके पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए। सरकारें बदलती रहीं, लेकिन न्याय नहीं मिला पीड़ित परिवारों का कहना है कि बेअदबी और गोलीकांड की घटनाओं में न्याय के लिए लंबा समय बीत चुका है। सरकारें बदलती रहीं, लेकिन न्याय नहीं मिला। आम आदमी पार्टी ने भी जल्द न्याय का वादा करके सत्ता हासिल की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इंसाफ मोर्चा अब सरकार से वादे की याद दिला रहा है। पीड़ित परिवारों को उम्मीद है कि उनका पत्र केजरीवाल और मान तक पहुंचने के बाद कोई सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। सुखराज सिंह का कहना है कि वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे और सरकार को अपने वादे याद दिलाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *