फरीदकोट पुलिस ने 151 अपराधी किए राउंडअप:64 टीमों को लगाया, 134 को किया गिरफ्तार, एसएसपी बोलीं-संदिग्धों से की जा रही पूछताछ

फरीदकोट जिला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ राज्यव्यापी ऑपरेशन प्रहार मुहिम के तहत एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में पिछले 36 घंटे के दौरान 151 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें से 134 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक केस दर्ज कर उन्हें आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान फरीदकोट जिला पुलिस की सभी यूनिटों की 64 से अधिक टीमें तैनात की गईं। 9 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 479 पुलिस कर्मियों ने एक साथ गैंगस्टरों, उनके साथियों तथा उन्हें पनाह या लॉजिस्टिक सहायता देने वालों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। पनाह देने वालों को भी किया गिरफ्तार इस संयुक्त अभियान के दौरान हार्डकोर अपराधियों और उनके सहयोगियों को घेरा गया, जिसके तहत अब तक 151 को राउंड-अप किया गया है। इनमें से संगठित अपराध से जुड़े 8 सक्रिय गिरोहों के 45 आरोपी, चोरी मामलों के 5, नशा तस्करी के 8, संगीन अपराध के 16, दोबारा अपराध करने वाले 21, भगौड़े अपराधी 17, पनाह देने वाले 2, अन्य अपराध से जुड़े 20 आरोपियों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है और बाकियों से पूछताछ जारी है। विदेशों में बैठे गैंगस्टरों को जल्द लाया जाएगा भारत- एसएसपी इस मामले में एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने कहा कि जो भी व्यक्ति विदेशों में बैठे गैंगस्टरों को किसी भी प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराता है और उस जानकारी के आधार पर यदि कोई अपराध होता है, तो ऐसे व्यक्तियों को भी उसी अपराध में शामिल मानते हुए गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के खिलाफ लुकआउट नोटिस और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाए जा रहे हैं और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि डीजीपी पंजाब और पंजाब सरकार का एकमात्र लक्ष्य पंजाब को पूरी तरह गैंगस्टरों से मुक्त कराना है और इस दिशा में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *