फरीदकोट में पिछले साल अक्टूबर में हुए पंचायत चुनावों के तीन महीने बाद भी शिरोमणि अकाली दल के नवनिर्वाचित सरपंचों को चार्ज नहीं दिया गया है। इस मुद्दे पर शुक्रवार को अकाली दल के पार्टी महासचिव परमबंस सिंह बंटी रोमाणा की अगुवाई में सरपंचों ने डिप्टी कमिश्नर विनीत कुमार से मुलाकात कर अपना विरोध जताया। मचाकी खुर्द के सरपंच मनिंदर सिंह ने बताया कि पंचायत सचिवों ने न तो पिछला रिकॉर्ड सौंपा है और न ही मनरेगा के कार्यों को करवाने की अनुमति दी जा रही है। पंचायत विभाग के अधिकारियों से मिलने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। अकाली दल के हलका इंचार्ज बंटी रोमाणा ने इसे राजनीतिक रंजिश का मामला बताते हुए आरोप लगाया कि विरोधी पार्टियों की चुनी गई पंचायतों को जानबूझकर काम नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करने की साजिश करार दिया। डिप्टी कमिश्नर ने मामले में तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया है और एडिशनल डिप्टी कमिश्नर विकास को पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश जारी किए हैं। रोमाणा ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस मसले का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।


