फरीदकोट में अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव गोंदारा के पास एक कार के साथ टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हुआ। मृतक की पहचान गांव वांदर निवासी सुखचैन सिंह (43) के रूप में हुई, जबकि घायल उसके गांव के ही जसपाल सिंह ( 56) को इलाज के लिए फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सुखचैन सिंह व जसपाल सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर नेशनल हाईवे पर आ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अचानक हाईवे पर गांव झक्खड़वाला की ओर बाइक मोड़ दी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके चलते दोनों सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें लगी। सूचना मिलते ही थाना बाजाखाना के एएसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी समेत सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने समाजसेवी संस्था चढ़दी कलां वेल्फेयर सेवा सोसायटी जैतो की टीम को बुलाया। जिन्होंने एम्बुलेंस गाड़ी के माध्यम से दोनों घायलों को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुखचैन सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे घायल जसपाल सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के बयान पर होगी कार्रवाई- एसएचओ इस मामले में थाना बाजाखाना के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पर मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अब इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


