पंजाब के फरीदकोट में मंगलवार सुबह गुटका साहिब के खंडित अंग गली और नाली में मिले, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। घटना गोलेवाला गांव की है। घटना का पता तब चला जब स्थानीय निवासी गुरमेल सिंह सुबह दूध वितरण से लौट रहे थे। उन्होंने गली और नाली में गुटका साहिब के खंडित अंग देखे। जिन्हें वह सम्मानपूर्वक एकत्र कर घर ले गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी फरीदकोट जसमीत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय किसान नेता गुरमीत सिंह ने चिंताजनक तथ्य उजागर किया कि लगभग सवा साल पहले भी इसी स्थान पर ऐसी ही घटना हुई थी। उन्होंने इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार दिया है। ग्रामीणों में आक्रोश है, लेकिन नेताओं ने शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही प्रशासन से दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की गई है।


