पंजाब के फरीदकोट जिले में राज्य सरकार के ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के प्रभारी कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मिनी सचिवालय में पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुहिम को लागू करने के लिए प्रयासों की समीक्षा की और दिशा निर्देश जारी किए। हर वर्ग के लोगों को सहयोग देना चाहिए बैठक में डीआईजी अश्विनी कपूर, डीसी पूनमदीप कौर, एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन, विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, विधायक अमोलक सिंह समेत विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की टीम के सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त करने के अभियान में हर वर्ग के लोगों को सहयोग देना चाहिए। तस्कर अपना कारोबार करें बंद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यदि नशा तस्करों ने अपना कारोबार बंद ना किया, तो उन्हें पंजाब छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया जाएगा। नशा तस्करी करके बनाई गई संपत्ति को भी जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और जहां कहीं भी नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से संपत्ति बनाई गई है, उन पर जेसीबी भी चलाई जा रही है। कैबिनेट मंत्री भुल्लर ने पंचायतों को नशे का कारोबार करने वाले और उनकी जमानत देने वालों का सामाजिक तौर पर बायकाट करने और इसके लिए ग्राम सभा की बैठकें बुलाकर प्रस्ताव पारित करने का आह्वान किया। राजनीतिक नेताओं को भी नहीं बख्शा जाएगा उन्होंने कहा कि पंजाब में आतंकवाद को भी आम लोगों के सहयोग से खत्म किया जा सका था और अब उसी तर्ज पर नशा जड़ से खत्म किया जाएगा। नशा तस्करों का साथ देने वाले किसी भी सरकारी अधिकारी, कर्मचारी या राजनीतिक नेता को भी बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि होशियारपुर के जेल अधीक्षक समेत चार अधिकारियों पर कार्रवाई की है, जिनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। इसके अलावा लंबे समय से एक ही थाने में तैनात कर्मचारियों को भी बदला जा रहा है।


