फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने फॉर्च्यूनर गाड़ी पर सवार होकर नशा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में शामिल 3 आरोपियों को 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी डीएसपी तरलोचन सिंह ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। गिरफ्तार आरोपियों में निरंजन सिंह उर्फ नीटा, मनदीप सिंह उर्फ कबूतर और प्रदीप सिंह उर्फ सन्नी मोटा शामिल हैं। जिनके खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एसडीपीएस एक्ट के अधीन केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। श्मशान घाट के गेट के पास मिली गाड़ी डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह व सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह ,पुलिस पार्टी के साथ गांव कम्मेआना से होते हुए गांव नवा किला की तरफ जा रहे थे, तभी श्मशान घाट के गेट के पास एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। जिसमें 3 युवक बैठे हुए दिखाई दिए। पुलिस की गाड़ी देखकर वे डर गए और अपनी गाड़ी को भगाने लगे। पुलिस पार्टी ने उन्हें काबू कर जब तलाशी ली तो उनके पास से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीमावर्ती क्षेत्र से हेरोइन की तस्करी कर रहे थे आरोपी इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सीमावर्ती क्षेत्रों से हेरोइन की तस्करी कर उसे आगे सप्लाई करते थे। इनके खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों के लिए कुल 8 मामले दर्ज हैं। अब इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर बरामद हेरोइन के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की पड़ताल की जाएगी।


