पंजाब के फरीदकोट में सीआईए स्टाफ ने हेरोइन के साथ एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जींद (हरियाणा) के थाना सफीदों के गांव रोहड़ निवासी बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर और उसकी पत्नी सरबजीत कौर के रूप में हुई है। जिनके खिलाफ पुलिस ने थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी दंपती से बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपए आंकी जा रही है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देशों पर जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ युद्ध अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग की जा रही है। दंपती से 272 ग्राम हेरोइन बरामद उन्होंने बताया कि एएसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान कोटकपूरा के गांव ढिलवां कलां के पास रजबाहे की पटरी से उक्त दंपती को शक के आधार पर काबू किया। मौके पर डीएसपी (डी) अरुण मुंडन को बुलाकर जब उनकी तलाशी ली गई तो इनसे 272 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। रिमांड पर लेकर लिंक की जांच करेगी पुलिस- डीएसपी डीएसपी(डी) अरुण मुंडन ने बताया कि गिरफ्तार दंपती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है और अब इन्हें अदालत से रिमांड पर लेकर बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी। इसके अलावा दंपती के आपराधिक रिकार्ड को भी खंगाला जा रहा है।


