फरीदकोट में बसंत पंचमी के मौके पर जिला पुलिस द्वारा पतंगबाजी के दौरान चाइना डोर के इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है। पुलिस टीमें शहर के विभिन्न मोहल्लों में घरों की छतों पर छापेमारी कर पतंगबाजी कर रहे युवाओं के समूहों की डोर की जांच कर रही हैं। इस अभियान में ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि चाइना डोर का उपयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पुलिस द्वारा चाइना डोर के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा था, जिसमें लोगों से बसंत पंचमी के दौरान चाइना डोर का इस्तेमाल न करने की अपील की गई थी। इसके बावजूद शहर में चाइना डोर का उपयोग सामने आ रहा है। इसी के चलते शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर शहर के अलग-अलग इलाकों में पतंगबाजी कर रहे युवाओं के समूहों की जांच की गई। साथ ही बाजारों में दुकानों पर भी सर्च की जा रही है और नाकाबंदी कर पतंग व डोर लेकर जा रही लोगों की भी जांच जारी है। लोगों के घरों में पतंगबाजी करने वालों की जांच टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी(डी)अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न टीमें अलग-अलग स्थानों पर घरों में छापेमारी कर चाइना डोर की जांच कर रही हैं। खुद को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है-डीएसपी डीएसपी(डी) अवतार सिंह राजपाल ने कहा कि चाइना डोर से न सिर्फ खुद को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है, बल्कि इसकी चपेट में आने से पशु-पक्षी और आम लोग भी गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। ऐसी जानलेवा डोर के इस्तेमाल को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति चाइना डोर का उपयोग करते पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। चाइना डोर के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कर रही है।।


