फरीदकोट में पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए बस स्टैंड पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान बस स्टैंड पर आने जाने वाले यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। इसके अलावा बस स्टैंड समेत आसपास के क्षेत्र की पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की गई। फरीदकोट के बस स्टैंड पर सर्च ऑपरेशन की अगुआई कर रहे डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि दूसरे राज्यों और से आने वाली बसों की विशेष जांच की जा रही है। साथ ही पार्किंग में खड़े वाहनों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके। इसी तरह कोटकपूरा व जैतो के बस स्टैंडों पर भी पुलिस द्वारा सर्च की गई। डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि डीजीपी पंजाब की और एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देशों के मुताबिक फरीदकोट जिला पुलिस द्वारा समय-समय पर संदिग्ध क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाए जाते हैं। इसके तहत ही बस स्टैंड पर सर्च की जा रही है ताकि असमाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध लोगों के बारे में पुलिस को सूचित किया जाना चाहिए ताकि समय रहते उन्हें काबू किया जा सके।


