श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर सोमवार को फरीदकोट के कोटकपूरा में विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें हर धर्म से संबंधित श्रद्धालुओं ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया। दशम पिता गुरू गोबिंद सिंह जी के चरण छोह वाले स्थान पर सुशोभित गुरुद्वारा साहिब पातशाही दसवीं छावनी निहंग सिंह से नगर कीर्तन का आगाज किया गया, जिसकी अगुवाई पंज प्यारों ने की। पालकी साहिब में सुशोभित श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी के पीछे हजारों श्रद्धालुओं ने बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयघोष लगाए। रास्ते में जगह जगह संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाए गए। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के मुखी जत्थेदार कुलवंत सिंह ने नगर कीर्तन के आयोजन ने सभी सहयोगी संस्थाओं और संगत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन ने सभी धर्म व वर्ग के लोगों ने शमूलियत करके आपसी भाईचारे व सदभावना का संदेश दिया है।


