फरीदकोट में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे इलाज के दौरान मां-बेटे की मौत हो गई। हादसा 2 दिन पहले कोटकपूरा शहर के मुक्तसर रोड पर हुआ था। मृतकों की पहचान मुक्तसर के गांव हरीके कलां निवासी बिमल कुमार और उसकी माता ओमपति के रूप में हुई। इस मामले में थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने मृतक बिमल के भाई मनोज कुमार के बयान पर कार ड्राइवर मुक्तसर निवासी तरसेम सिंह के खिलाफ केस दर्ज करते हुए कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा 11 मई रविवार को शाम करीब 4 बजे पेश आया था। उस दिन बिमल कुमार अपनी माता ओमपति के साथ बाइक पर सवार होकर कोटकपूरा से अपने गांव लौट रहा था। सामने से आई तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
जब वह मुक्तसर रोड पर पहुंचे तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और उन्हें काफी गंभीर चोटें लगी। दोनों को पहले कोटकपूरा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था और यहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान पहले ओमपति की मौत हुई और बाद में बिमल कुमार ने भी दम तोड़ दिया। एएसआई भूपिंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक बिमल कुमार के भाई मनोज कुमार के बयान पर कार ड्राइवर मुक्तसर निवासी तरसेम सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दोनों शवों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा कर वारिसों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर फरार हो है, जिसकी तलाश की जा रही है।


