फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में खेल विभाग के चौकीदार की मुस्तैदी से स्टोर में सामान चोरी करते हुए एक युवक को रंगेहाथों काबू किया गया। जिसे खेल विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को सौंप दिया है। थाना सिटी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी युवक की पहचान फरीदकोट के रहने वाले आकाशदीप सिंह के रूप में हुई और वह हैंडबॉल के जिस स्टोर में दाखिल हुआ था, वहां पर लाखों रुपए का सामान रखा हुआ था। रविवार सुबह खेल स्टेडियम में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार सतपाल को हैंडबॉल के स्टोर के पास कुछ हलचल दिखाई दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और उसने देखा कि स्टोर के दरवाजे की प्लाई का एक हिस्सा टूटा हुआ था और स्टोर में एक युवक घुसा हुआ था। उन्होंने तुरंत इस मामले की सूचना कोच माइकल को दी जोकि अन्य कर्मचारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी बुलाया गया। आरोपी युवक को स्टोर का गेट खोलकर बाहर निकाला गया और पुलिस के हवाले कर दिया। खेल विभाग के चौकीदार सतपाल ने बताया कि सुबह जब उसे कुछ शोर सुनाई दिया तो वह तुरंत स्टोर के पास पहुंचे तो वहां पर दरवाजे की प्लाई तोड़कर यह युवक अंदर घुसा हुआ था। चौकीदार की मुस्तैदी के चलते नुकसान से रहा बचाव खेल विभाग के कोच माइकल ने बताया कि स्टोर में लाखों रुपए का सामान पड़ा है। यहां पर हैंडबॉल से संबंधित खिलाड़ियों के सामान के अलावा जिम का सामान और हैंडबॉल के मैदान में लग रही लाइटें भी रखी हुई है। चौकीदार की मुस्तैदी से खेल विभाग का नुकसान होने से बचाव रह गया। आरोपी युवक के खिलाफ होगी कानूनी कार्यवाही-पुलिस इस मामले में मौके पर पहुंची थाना सिटी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि चोरी करते हुए काबू युवक को थाने ले जाकर पूछताछ की जाएगी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


