पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद से एक घर से 5 लाख की नकदी और साढ़े 3 तोले सोना चोरी किए जाने की वारदात को महज 2 घंटे में ही सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गांव पक्खी खुर्द निवासी गुरप्यार सिंह के रूप में हुई जिसके खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार थाना सदर फरीदकोट के अधीन आते गांव घोनीवाला निवासी रवदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि शुक्रवार रात जब वह अपने परिवार समेत घर पर पहुंचा तो उसने देखा कि घर की लॉबी की खिड़की का शीशा टूटा हुआ है। अंदर आकर उन्होंने पाया के अलमारी का लॉक तोड़कर सेफ में से लाखों रुपए की नकदी व गहने चोरी किए हुए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसपी जसमीत सिंह व डीएसपी त्रिलोचन सिंह की निगरानी में थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरांदित्ता सिंह और सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की अगवाई में पुलिस ने जांच का काम शुरू किया। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया और इस टीम में शामिल स्निफर डॉग की मदद से पुलिस 5 किलोमीटर तक चोर का पीछा करते-करते उसके घर तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए 5 लाख नकद व गहने बरामद कर लिए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि प्राथमिक सूचना के समय परिवार ने करीब 14 लाख की नकदी व गहने चोरी होने का दावा किया था पर पुलिस के अनुसार बाद में परिवार ने 5 लाख नकदी व गहने गायब होने की जानकारी दी जोकि आरोपी से बरामद हो गए। इस मामले में एसपी जसप्रीत सिंह ने बताया कि इस वारदात को सुलझाने में जिला पुलिस की डॉग स्क्वायड टीम में शामिल स्निफर डॉग की अहम भूमिका रही जोकि घटनास्थल से आरोपी के पांव के निशान के आधार पर पुलिस को 5 किलोमीटर दूर आरोपी के घर तक ले पहुंचा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।


