पंजाब सरकार की तरफ से गठित जिला ट्रेडर्स कमीशन फरीदकोट के चेयरमैन नरेश सिंगला की अध्यक्षता में मंगलवार बाद दोपहर फरीदकोट की पुरानी अनाज मंडी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खुले मंच पर व्यापारियों की समस्याओं को सुना गया और उन्हें हल करवाने का भरोसा दिया गया। बता दे कि इस कार्यक्रम का नेतृत्व विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने किया और उनके साथ फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और जैतो से विधायक अमोलक सिंह के अलावा डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर व अन्य प्रशासनिक व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन स्पीकर को सौंपा कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने खुलकर अपनी समस्याएं सरकार के सामने रखीं और अपनी मांगों से संबंधित मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन स्पीकर को सौंपा गया। इस मौके व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों ने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने खुले मंच पर सीधे तौर पर उनकी समस्याएं सुनी हैं।
जल्द समाधान की मांग व्यापार मंडल की ओर से तैयार किए गए ज्ञापन में व्यापारियों की प्रमुख मांगें शामिल की गई हैं ताकि सरकार उनका स्थायी समाधान कर सके। व्यापारियों ने यह भी मांग रखी कि क्षेत्र में उद्योगों की कमी के कारण फरीदकोट के विकास पर असर पड़ रहा है, इसलिए शहर में नई इंडस्ट्री स्थापित की जाए। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने कहा कि व्यापारियों के साथ सीधी बातचीत की गई है और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सेमिनार और कैंप भी लगाए जाएंगे।
जायज मांग पर विचार करेगी सरकार इस मौके पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारी वर्ग को बिना किसी डर के व्यापार करने का माहौल देने और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से व्यापार को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। समाधान के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे व्यापारियों की हर जायज़ मांग पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और समाधान के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय स्तर की कई समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए।


