फरीदकोट में हेरोइन समेत 2 तस्कर गिरफ्तार:बाइक पर फिरोजपुर से आए सप्लाई देने, पुलिस देख भागते समय नाले में गिरे

पंजाब में फरीदकोट पुलिस ने आज बाइक सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिले की थाना सादिक पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजपुर जिले के गांव बग्गे पिपल निवासी कर्मजीत सिंह उर्फ कर्मा और फिरोजपुर के ही गांव वजीदपुर निवासी अमनदीप सिंह उर्फ अमन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सादिक में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और उनसे बरामद बिना नंबर वाली बाइक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर नशे के खिलाफ मुहिम के दौरान थाना सादिक के एसएचओ इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने पुलिस पार्टी सहित फिरोजपुर रोड पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान यह दोनों आरोपी बाइक पर फिरोजपुर की तरफ से सादिक की तरफ आ रहे थे। जब इन्हें रुकने का इशारा किया गया तो इन्होंने अपनी बाइक और भगा ली। तेज गति के कारण बाइक पानी से भरे नाले में जा गिरी, जिसके बाद शक के चलते पुलिस ने इन्हें काबू कर तलाशी ली तो अमनदीप सिंह से 205 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों पर पहले भी दर्ज है 4 आपराधिक केस- डीएसपी
डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह आरोपी फिरोजपुर से फरीदकोट क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई देने आए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन पर पहले भी नशा तस्करी समेत अन्य गंभीर धाराओं के 4 केस दर्ज है। अब इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और पूछताछ करते हुए बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक की जांच की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *