पंजाब में फरीदकोट जिले में नेट बैंकिंग का पासवर्ड अपडेट करने के नाम पर एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने 16 लाख रुपए खाते से गायब कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। यह मामला जिले के कोटकपूरा शहर का है। पुलिस को सौंपी शिकायत में कोटकपूरा निवासी सोम नाथ गर्ग ने बताया कि उसके खाते की नेट बैंकिंग के पासवर्ड में समस्या आ रही थी। कुछ दिन पहले उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने स्वयं को बैंक के हेड ऑफिस से जुड़ा अधिकारी बताया। उसने नेट बैंकिंग का पासवर्ड दोबारा जारी करने का झांसा दिया। आरोपी ने पीड़ित से एक फॉर्म भरवाने के बहाने बैंक खाते की डिटेल, उसका आधार नंबर समेत अन्य जानकारियां हासिल कर लीं। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित का मोबाइल ही हैक कर लिया और उसके एक्सिस बैंक के खाते में जमा एफडी को तुड़वा कर उसके खाते से करीब 16 लाख रुपए अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित को खाते से पैसे निकलने के मैसेज प्राप्त हुए, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है जांच-एसएचओ थाना साइबर क्राइम के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरांदित्ता सिंह ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। बैंक कभी भी फोन पर पासवर्ड, ओटीपी या व्यक्तिगत विवरण नहीं मांगते। सतर्कता बरतकर ही ऐसे साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।


