फरीदकोट में थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने शहर में लूटपाट की योजना बना रहे एक गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी कोटकपूरा जतिंदर सिंह और थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर मनोज कुमार की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। एएसआई भूपिंदरजीत सिंह की अगुवाई वाली पुलिस पार्टी को गश्त के दौरान सूचना मिली थी। गिरफ्तार आरोपियों में कोटकपूरा के रहने वाले जतिंदर सिंह उर्फ काली, लवप्रीत सिंह उर्फ लाभा, सोनू, रवि और साहिल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 4 कापे और एक खंडा बरामद किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्य नाई वाली बस्ती से रब्ब वाले खूह लिंक रोड के पास बंद कमरों में छिपे हुए हैं। आरोपी तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपियों को तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी लूटपाट की योजना बना रहे थे और उनके पास घातक हथियार भी मौजूद थे। 8 माह के दौरान 215 आरोपी गिरफ्तार डीएसपी(डी) अरुण मुंडन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से 2 पर पहले भी 6 केस दर्ज है और अब इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि फरीदकोट पुलिस द्वारा संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पिछले 8 माह में 44 मामले दर्ज कर 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


