फरीदकोट में 6 शिक्षा अधिकारियों समेत 7 नामजद:ग्रांट की हेरफेर व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ के आरोप, विभागीय जांच के बाद हुई कार्रवाई

फरीदकोट के गांव घुगियाना के सरकारी प्राइमरी स्कूल में ग्रांट की हेराफेरी और रिकॉर्ड से छेड़छाड़ मामले में थाना सदर पुलिस ने शिक्षा विभाग के 6 अधिकारियों समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला साल 2019 का है और इस संदर्भ में सादिक निवासी राजवीर सिंह बराड़ नामक व्यक्ति ने शिक्षा विभाग को शिकायत दी थी। इसमें विभागीय जांच के बाद पुलिस को कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। केस में नामजद शिक्षा विभाग अधिकारियों में सेंटर हेड टीचर जसकेवल सिंह, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंट्री धन्ना सिंह दियोल, जिला शिक्षा विभाग कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सुखजिंदर सिंह और तीन अलग-अलग स्कूलों के प्रिंसिपल राजविंदर कौर, वरिंदर कुमार, सुधा और स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य नछत्तर सिंह शामिल है। सरकारी रिकॉर्ड से हुई छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार सादिक निवासी राजवीर सिंह बराड़ ने घुगियाना के उक्त सरकारी स्कूल से आरटीआई एक्ट के तहत स्कूल की कमेटी के सदस्य नछतर सिंह के हस्ताक्षर संबंधी जानकारी मांगी थी। जिसके बाद न केवल स्कूल में सरकारी ग्रांट के दुरुपयोग का खुलासा हुआ बल्कि सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की भी पुष्टि हुई। इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की अनुशंसा और उनकी जांच के बाद पुलिस ने थाना सदर में केस दर्ज कर लिया है। स्कूल का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर होगी कार्रवाई
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंट्री अंजना कौशल से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने अनुशंसा पर यह केस दर्ज हुआ है। एफआईआर की कापी मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने कुल 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस द्वारा स्कूल का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *