अपोलो अस्पताल के फर्जी डिग्रीधारी कार्डियोलाजिस्ट डॉ. विक्रमादित्य यादव के खिलाफ चल रही जांच को लेकर सीएमएचओ ने सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति को पत्र लिखा है। इस पत्र में सीएमएचओ डॉ. प्रमोद तिवारी ने सिम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक 7 सदस्यीय टीम गठित करने का निर्देश दिया है, जो इस मामले की जांच करेगी। पत्र में सीएमएचओ ने कहा है कि सिम्स की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करनी होगी। इसके अलावा, सीएमएचओ ने यह भी बताया कि जांच के दौरान यदि किसी दस्तावेज़ की आवश्यकता होती है, तो वह अपोलो अस्पताल से प्राप्त किए जा सकते हैं। सीएमएचओ ने अपोलो प्रबंधन को पत्र लिखकर सिम्स की जांच टीम को सभी आवश्यक दस्तावेज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने सरकंडा थाना प्रभारी को भी इस मामले की जानकारी दी है, ताकि जांच में कोई रुकावट न हो। यह मामला अपोलो अस्पताल में कार्यरत डॉ. विक्रमादित्य यादव की नियुक्ति और उनके द्वारा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल सहित अन्य मरीजों की मौत के आरोपों से जुड़ा हुआ है। कांग्रेसियों ने इन मौतों की जांच की मांग की थी, जिसके बाद सीएमएचओ ने इस मामले की जांच के लिए सिम्स को निर्देशित किया है।


