फर्जी पुलिस बनकर दो महिलाओं से की 8 लाख रु. के गहने की ठगी

भास्कर न्यूज | हजारीबाग शहर में फर्जी पुलिस बनकर बुजुर्ग महिलाओं से गहने ठगने की सनसनीखेज घटना ने पुलिस महकमे को भी सतर्क कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन स्वयं पीड़िता से मिलने उनके घर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वारदात स्थल का भी निरीक्षण कर आसपास की स्थिति का जायजा लिया। घटना शहर के बड़ा अखाड़ा चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के समीप की है, जहां बाइक सवार चार युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दो बुजुर्ग महिलाओं से करीब साढ़े आठ लाख रुपये मूल्य के गहने उतरवा लिए। पीड़िता 64 वर्षीय निर्मला सिंह ने बताया कि वह अपनी 78 वर्षीय ननद मुक्ता सिंह के साथ बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने टोटो चालक को रोककर कागजात जांच के बहाने महिलाओं को डराया और कथित हत्या की बात कहकर गहने सुरक्षित रखने का झांसा दिया। एसपी अंजनी अंजन ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। लोगों को सतर्क रहने की जरुरत हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने आम नागरिकों से अपील किया कि फर्जी पुलिस बनकर यदि कोई व्यक्ति आपसे गहने, जेवर या पैसे की मांग करे तो किसी भी परिस्थिति में उसे न दें। परिवार, बच्चे या किसी अनहोनी का डर दिखाकर झांसा देने वालों पर विश्वास न करें। कोई आपसे आंख बंद करने, गहने उतारने या सुरक्षित रखने की बात करे तो तुरंत सतर्क हो जाएं। ऐसी किसी भी संदिग्ध स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। आपकी जागरूकता और सतर्कता ही इस तरह के अपराधों से सबसे बड़ा बचाव है। केस 1: हजारीबाग शहर के सेठ मोहल्ला में जून महीने में एक जेवर व्यवसायी से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर उससे ठगी किया था। जिसमें 15 लाख से अधिक की ठगी हुई थी। भुक्तभोगी बरही का रहने वाला था और हजारीबाग में वह सोना और चांदी खरीदने आया था। तभी अपने आप को पुलिस बताते हुए जांच के लिए किनारे चलने के लिए कहा और उसके बैग से एक लाख नगद और सोना और चांदी तक लिए थे। केस 2 : पिछले एक माह पूर्व शहर के व्यस्तम इलाका गांधी मैदान में दारू थाना क्षेत्र की महिला संध्या देवी का उचक्कों ने उस वक्त सोने का चेन छीन कर फरार हो गए, जब वे अपने पति के साथ पैदल बस स्टैंड आ रही थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *