बलौदाबाजार के सुहेला पुलिस ने कुकूरदी स्थित सीमेंट संयंत्र में श्रमिकों को झूठे प्रलोभन देकर और डरा-धमकाकर जबरदस्ती कार्यबंदी करवाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायपुर निवासी दिलीप वर्मा (38) के रूप में हुई है। प्रार्थी बृजेश कुमार दुबे ने 12 जनवरी को इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के अनुसार, आरोपी दिलीप वर्मा ने खुद को मजदूर यूनियन का अध्यक्ष बताया और संयंत्र के संविदा श्रमिकों को इकट्ठा किया। उसने श्रमिकों को झूठे प्रलोभन दिए और डरा-धमकाकर संयंत्र के मुख्य द्वार पर जमा होने और काम रोकने के लिए उकसाया। आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने श्रमिकों से अवैध रूप से पैसे वसूले। पैसे देने से मना करने पर उसने चक्काजाम करने और जान से मारने की धमकियां देकर उन्हें काम करने से रोका। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना सुहेला में संगठित अपराध की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर विवेचना टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप वर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।


