फलोदी कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित एक प्रमुख व्यापारी के प्रतिष्ठान पर शुक्रवार दोपहर बाद स्टेट जीएसटी विभाग की टीम ने अचानक सर्वे कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद पूरे मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्टेट जीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर रविंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम मंडी पहुंची, जिसमें अरविंद सिंह और महावीर सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल थे। टीम ने व्यापारी के रिकॉर्ड, कागजात और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। दो घंटे तक चली जांच इस अचानक हुई कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। लगभग दो घंटे तक चली इस जांच के दौरान मंडी में हलचल बनी रही। लोग यह जानने के लिए उत्सुक थे कि विभाग ने यह कार्रवाई किस कारण से की है। ज्वाइंट कमिश्नर नेगी ने बताया कि यह एक राज्य स्तरीय नियमित सर्वे कार्रवाई थी, जिसे विभाग की रूटीन प्रक्रिया के तहत अंजाम दिया गया। गौरतलब है कि हाल ही में फलोदी में स्टेट जीएसटी कार्यालय की स्थापना हुई है। इसे कार्यालय की स्थापना के बाद विभाग की पहली बड़ी सर्वे कार्रवाई माना जा रहा है। इस कार्रवाई को लेकर मंडी व्यापारियों के बीच दिनभर चर्चा का दौर जारी रहा।


