जयपुर स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त के निर्देश पर फलोदी जिले की स्कूलों में संतुलित और पौष्टिक भोजन पर व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान खाद्य सुरक्षा दल द्वारा चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, खींचन स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया गया। इस दौरान उन्हें मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) से संबंधित जानकारी भी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि विभाग विभिन्न कार्यक्रमों के तहत स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर रहा है। डॉ. राठौड़ ने यह भी बताया कि यह कार्यक्रम ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान के तहत आयोजित किया गया है। विभाग की योजना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जिले की अन्य स्कूलों में भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सही आहार के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।


