फलोदी पुलिस ने विद्युत टॉवरों से लाइन और उपकरण चोरी के मामले में फरार तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी भंवराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेलवा, पुलिस थाना बालेसर निवासी राजेंद्रसिंह पुत्र कोल सिंह राजपूत के रूप में हुई है। यह मामला अपर्व पॉवर के अभिजीत चावला द्वारा 14 अक्टूबर को फलोदी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट से संबंधित है। चावला ने बताया था कि उनकी कंपनी द्वारा ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य चल रहा था। 26 और 27 सितंबर की रात को खेड़ा बागोदिया गांव में अज्ञात बदमाशों ने टावर पर चढ़कर मध्य क्रॉस आर्म से कंडक्टर काट दिए और उन्हें चुरा ले गए। इसके अतिरिक्त, 7 और 8 अक्टूबर की रात को भी बदमाशों ने केबल और अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वारदात में शामिल मनोहरराम और चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी करनाराम शामिल थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक वाहन और चोरी किया गया तार भी बरामद किया था। इन दोनों आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।


