फलोदी में आयुर्वेद विभाग राजस्थान सरकार और जिला प्रशासन फलोदी की ओर से 15 से 24 दिसंबर तक एक निशुल्क आवासीय क्षारसूत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। आयुर्वेद के उपनिदेशक डॉ. अंजू नगर और सहायक निदेशक डॉ. मुकेश सुथार के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. भरत सोनी ने बताया-शिविर की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. लक्ष्मण सिंह वाघेला, डॉ. भगवान सिंह, डॉ. कमल पालीवाल और कंपाउंडर भानू प्रताप सिंह वाघेला ने लोगों से सीधा संपर्क किया। इस अभियान के तहत शिविर में होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई। मरीजों का किया जाएगा उपचार
शिविर में पाइल्स, फिस्टुला और फिशर के रोगियों का उपचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, घुटना दर्द, कमर दर्द, गठिया, अन्य प्रकार के दर्द, सर्दी, खांसी और बार-बार बुखार जैसी बीमारियों का भी आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से इलाज होगा। अग्निकर्म थेरेपी और कपिंग थेरेपी से भी रोगियों का उपचार किया जाएगा। डॉ. सोनी ने फलोदी जिले के पाइल्स, फिस्टुला और फिशर के रोगियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर इस निशुल्क शिविर का लाभ उठाएं।


