फलोदी जिले की लोहावट पुलिस ने गैंग रेप के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देश पर लोहावट थाना क्षेत्र में की गई। मामला 18 सितंबर 2025 को दर्ज किया गया था। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि उसके दूर के रिश्तेदार ने उसे कोल्डड्रिंक में बेहोश करने वाला पदार्थ पिलाकर अश्लील तस्वीरें खींचीं। इसके बाद तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ गैंग रेप किया। महिला अपराध से संबंधित इस गंभीर मामले को देखते हुए एसपी कुंदन कंवरिया ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। एडिशनल एसपी ब्रजराजसिंह चारण और वृत्ताधिकारी संग्रामसिंह भाटी के सुपरविजन में टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त कर आगे की जांच की जाएगी।


