फलोदी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्पेशल टीम फलोदी और मतोड़ा पुलिस ने संयुक्त अभियान में 40 किलोग्राम डोडा पोस्त और एक वाहन जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और वृत्ताधिकारी लोहावट नगेन्द्र कुमार के सुपरविजन में यह अभियान चलाया जा रहा है। मतोड़ा थानाधिकारी अमानाराम और जिला स्पेशल टीम फलोदी ने संयुक्त नाकाबंदी के दौरान केरला सरहद में यह कार्रवाई की। आरोपियों की पहचान सुंडाराम पुत्र बंशीलाल विश्नोई निवासी भाम्भुओं की ढाणी नोखड़ा, थाना भोजासर, और मांगीलाल पुत्र रामचंद्र विश्नोई निवासी रिड़मलसर, पुलिस थाना भोजासर के रूप में हुई है। ये दोनों कार में अवैध डोडा पोस्त का परिवहन कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ मतोड़ा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे की जांच जारी है। जब्त किए गए अवैध डोडा पोस्त की बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपए आंकी गई है।


