फलोदी से 25 महिला किसानों का दल बीकानेर रवाना:नाबार्ड के सहयोग से शैक्षिक प्रशिक्षण लेंगी, आय के नए स्त्रोत जानेंगी

अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के क्रम में, नाबार्ड के सहयोग और जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में फलोदी जिले से राजीविका के स्वयं सहायता समूहों की 25 महिला किसानों का एक दल तीन दिवसीय शैक्षिक एवं प्रशिक्षण भ्रमण के लिए बीकानेर रवाना हुआ। इस दल को बीडीओ ललित गर्ग और भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष शिव पंचारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फलोदी जिले की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाने के साथ-साथ आय के नए स्रोत पहचानने में मदद मिलेगी। इस शैक्षिक भ्रमण के बाद, सभी महिला किसानों के माध्यम से कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करने का प्रयास किया जाएगा। इससे सामाजिक लैंगिक असमानताओं को दूर करने और महिला किसानों के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। महिला किसान पशुपालन, नवीन कृषि तकनीक और बैंक वित्त से संबंधित बेहतर निर्णय लेने की प्रक्रियाओं पर अपनी पकड़ बना सकेंगी, जिससे वे खाद्य सुरक्षा और सतत विकास में अपना योगदान दे सकेंगी। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने सभी स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को अधिक से अधिक नवीन तकनीक की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। नाबार्ड के माध्यम से इस कार्यक्रम को श्रीगुरु जंभेश्वर सेवा संस्थान और राजीविका द्वारा पूरा किया जाएगा। सहभागी सदस्यों से इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। राजीविका इस कार्यक्रम के उपरांत सभी महिलाओं को भारत सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करेगा। श्रीगुरु जंभेश्वर सेवा संस्थान इस पूरे कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयं सहायता समूहों को बीकानेर में उत्तर राजस्थान दुग्ध उत्पादक फेडरेशन, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान में शैक्षिक व प्रशिक्षण की जिम्मेदारी वहन करेगा। इस अवसर पर राजीविका फलोदी के जिला प्रबंधक और द जोधपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड से ओमप्रकाश विश्नोई ने बैंक के माध्यम से महिला किसानों को बैंक ऋण की सुविधा से जोड़ने के लिए बैंक की योजना पर प्रकाश डाला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *