भास्कर न्यूज | सरिया अंडर-19 ड्यूज क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ और पार्थ एकेडमी सारंगढ़ के बीच खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस रोमांचक मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। इससे पहले सोमवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ ने यूनिट-11 कोरबा को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई। टॉस जीतकर डीके स्पोर्टिंग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूनिट-11 कोरबा की टीम रायगढ़ के घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 78 रनों पर सिमट गई। रायगढ़ से आशीष कोरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट, नितेश साहू ने 3 विकेट और दीपेश ने 2 अहम विकेट झटके। इन गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी ने कोरबा की पारी को पूरी तरह बिखेर दिया। 79 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीके स्पोर्टिंग रायगढ़ की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के लिए ओपनर अनुराग ने 40 रन बनाए, जबकि दीपेश ने 34 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई। शानदार गेंदबाजी के लिए आशीष कोरी मैन ऑफ द मैच अपने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए आशीष कोरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका हिमांशु चावड़ा और किशोर कसेर ने निभाई। स्कोरिंग का दायित्व आकाश नायक ने संभाला, जबकि कमेंट्री में पंचम एवं लक्ष्मण चौहान का विशेष सहयोग रहा।


