भास्कर न्यूज | बिश्रामपुर प्रेम नगर तारा में आयोजित पीसीबी ट्रॉफी तारा रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला रविवार की रात पुलिस फाइटर तारा और शिवनंदनपुर की टीम के बीच खेला गया। 12-12 ओवर के प्रारूप में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को बेहतरीन खेल का आनंद दिया। फाइनल में शिवनंदनपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 103 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी पुलिस फाइटर तारा की टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन वे निरंतर अंतराल पर विकेट खोते रहे। निर्धारित ओवरों में पूरी टीम 94 रन पर ऑल आउट हो गई। शिवनंदनपुर की टीम ने 9 रन से यह मुकाबला जीतकर पीसीबी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। शिवनंदनपुर टीम के खिलाड़ी जयसिंह ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना कौशल दिखाया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के दोहरे खिताब से नवाजा गया। विजेता टीम को प्रेम नगर विधायक भूलन सी मरावी ने ट्रॉफी व एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल को अनुशासन और भाईचारे का माध्यम बताया। शिवनंदनपुर टीम का नेतृत्व कप्तान हमीद कुरैशी ने किया। टीम में जयसिंह, रमनदीप सिंह, सौरभ सिंह, दिवेश राजा, सुमित शर्मा, जय किशन, नितेश सिंह, कृष्णा, राका, मोहित शामिल रहे।


