भास्कर न्यूज | बिश्रामपुर सरगुजा संभाग के क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने जिला सुरजपुर ड्यूज बाल क्रिकेट एशोसिएशन ने बिश्रामपुर में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित टीटीएल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया। फाइनल मुकाबला पुलिस फाइटर सुरजपुर व एकेडमिक ईगल बिश्रामपुर की टीम के मध्य खेला गया। फाइनल मुकाबले में पुलिस फाइटर की टीम ने 13 रनों से मैच जीता और खिताब अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच चंदरसाय और मैन ऑफ द सीरिज जुनैद रहे। प्रतियोगिता के फाइनल मैच के उद्घाटन समारोह में एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक अजय तिवारी व समापन समारोह में पूर्व सरगुजा सांसद कमलभान सिंह मुख्य अतिथि थे। समापन समारोह में गंगा ग्रामोत्थान समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। रमेश दनौदिया समेत कैबिनेट मंत्री के निज सहायक नवीन जायसवाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव, डीडीसी प्रतिनिधि सत्यनारायण जायसवाल, बीएमएस नेता सुजीत सिंह, ठेकेदार अशोक अग्रवाल, युवा नेता मनी बग्गा बतौर अतिथि मौजूद रहे। मैच के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महाप्रबन्धक अजय तिवारी ने आईपीएल की तर्ज पर पहली बार आयोजित टीटीएल टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को एक मंच मिलता है। हार और जीत एक सिक्के के जो पहलू हैं और हारने वाला ही भविष्य में जीत का मार्ग प्रशस्त करता है। नशा मुक्ति की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता से निश्चित ही नशे की लत के चपेट में आए युवाओं को खेल से जुड़कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा। विजेता टीम को एक लाख रुपए का इनाम दिया गया प्रतियोगिता की विजेता टीम पुलिस फाइटर को अतिथियों ने एक लाख रुपए नगद व ट्राफी और उप विजेता टीम एकेडमिक ईगल को 60 हजार रुपए नगद व ट्राफी प्रदान की। मैन आफ द सीरीज एकेडमिक ईगल के खिलाड़ी जुनैद को 5100, मैन आफ द मैच चंदरसाय राजवाड़े, बेस्ट बैट्समैन अविनाश कुशवाहा, बेस्ट बॉलर जुनैद, बेस्ट फील्डर उपकार, बेस्ट कप्तान सौरभ सिंह, बेस्ट निर्णायक अमित मित्तल, कमेंट्रेटर शब्बीर हुसैन को नगद पुरस्कार व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


