फाइनेंस कंपनी की कर्मचारी की जहर खाने से मौत:परिजन बोले- पति ने मैगी में जहर मिलाकर खिलाया; दहेज में 10 लाख रुपए मांग रहा था

मैहर में एक महिला की जहर खाने से मौत हो गई। वह एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी थी। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले 10 लाख रुपए दहेज मांग रहे थे। ये घटना रविवार रात की है। महिला की आखिरी बार रात में ही अपनी मां से फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था- मैं रोटी बना रही हूं, वो (पति) मैगी बना रहे हैं। परिजन ने आशंका जताई है कि पति ने मैगी में जहर मिलाकर खिला दिया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पति ने बताया कि रात में दोनों का विवाद हो गया था। वह गुस्से में घर से बाहर चला गया था। लौटा तो देखा कि पत्नी ने जहर पी लिया था। महिला के शव का सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। परिजन रोते-बिलखते नजर आए। दो साल पहले हुई थी दोनों की शादी
पुलिस ने बताया कि सचि मिश्रा (24) मैहर में एचडीबी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थी। वह मूल रूप से सतना जिले के सभापुर की रहने वाली थी। साल 2023 में उसकी शादी रीवा के सिमरिया के रहने वाले अतुल मिश्रा (27) से हुई थी। अतुल प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है। वर्तमान में मैहर में हरनामपुर रोड पर किराए से रहते हैं। पति बोला– रात में दोनों के बीच हुआ था विवाद
पति अतुल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उसका पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वो गुस्से में घर से बाहर चला गया। रात करीब 10 बजे लौटा, तो पत्नी सचि गिलास में कुछ घोलकर पी रही थी। पास में ही एक खाली पैकेट भी पड़ा था। इसके बाद सचि बेहोश होकर गिर गईं। पति ने बताया कि इसके बाद वो पड़ोसी विजय तिवारी की मदद से पत्नी सचि को सिविल अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल वालों पर 10 लाख रुपए मांगने का आरोप
सचि के भाई रजनीश तिवारी ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपए मांग रहे थे। भाई रजनीश ने बताया कि जीजा अतुल आए दिन बहन सचि के साथ मारपीट करता था। कहता था कि दहेज कम मिला है। प्लॉट और गाड़ी खरीदने के लिए और पैसे चाहिए। वह बहन को मायके भी नहीं आने देता था। परिवार से बात करने पर भी आपत्ति जताता था। हमें उम्मीद थी कि पति-पत्नी की नोकझोंक है। समय के साथ ठीक हो जाएगी। इतना नहीं सोचा था कि वह बहन को मार डालेगा। आखिरी बार मां से मोबाइल पर की थी बात
भाई रजनीश ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले सचि ने मां से फोन पर बात की थी। उसने बताया था कि पति मैगी और मैं रोटी बना रही हूं। रजनीश का कहना है कि घर में रात 9 बजे अचानक कीटनाशक कहां से आया। यह सोची-समझी साजिश है। अतुल ने ही बहन को कीटनाशक दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोप के आधार पर अतुल को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *