फाइनेंस कम्पनी के नाम मारपीट करने वाले गिरफ्तार:मारपीट कर छीनी थी बोलेरो, तीन आरोपियों को पकड़ा

फाइनेंस कम्पनी की बकाया किश्तों की आड़ में बोलेरो वाहन चालक से मारपीट कर वाहन छीनने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस थाना चौहाबोर्ड ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई बोलेरो वाहन भी बरामद कर ली गई है। चौहाबोर्ड थानाधिकारी ईश्वरचन्द्र पारीक (नि.पु.) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, परिवादी राहुल पुत्र नेमाराम (21 वर्ष) निवासी थबुकड़ा, पुलिस थाना बनाड़, जोधपुर ने रिपोर्ट दी थी कि वह माही दूर ट्रेवल्स की बोलेरो वाहन संख्या RJ 19 TB 0935 चलाता है।
घटना का विवरण
रिपोर्ट के अनुसार 10.01.2026 को सुबह करीब 10 बजे अशोक उद्यान के सामने 2–3 अज्ञात व्यक्तियों ने बोलेरो रुकवाकर राहुल से मारपीट शुरू कर दी और स्वयं को “फाइनेंस वाले” बताकर वाहन छीन लिया। आरोपियों ने न तो किसी न्यायालयी आदेश का हवाला दिया और न ही वाहन मालिक से बात की। मारपीट के दौरान बोलेरो का जीपीएस भी तोड़ दिया गया। आरोपियों में से एक ने अपना नाम गौरव बताया और कहा कि वे जोगेन्द्र सिंह की कंपनी से आए हैं।
पुलिस कार्रवाई
प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। चौहाबोर्ड थानाधिकारी ईश्वरचन्द्र पारीक के नेतृत्व में टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
गौरव वैष्णव (26) निवासी प्रदीप नगर, चौपासनी, नयापुरा चौखा, थाना राजीव गांधी नगर, जोधपुर पश्चिम।
इरफान खान (31) निवासी सिन्धियों की ढाणी, आरटीओ ऑफिस के पीछे, सालासर फार्म हाउस के पास, थाना औद्योगिक क्षेत्र पाली, जिला पाली।
वीरेन्द्रसिंह (19) निवासी गजानन्द कॉलोनी, सुथला, थाना प्रतापनगर, जोधपुर पश्चिम।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से बोलेरो वाहन बरामद कर लिया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फाइनेंस के नाम पर बिना वैध आदेश किसी भी तरह की जबरन कार्रवाई की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *