बिस्टान स्थित सहकारी सोसायटी में लोन की फाइल रोके जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं द्वारा की गई कथित अभद्रता से आहत असिस्टेंट अकाउंटेंट की बैंक में ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक के परिजन एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। इसके चलते पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस ने शव को मरच्यूरी में रखवाया है। अनीस उद्दीन जिलानी पिछले चार साल से बिस्टान सोसायटी में असिस्टेंट अकाउंटेंट थे। शाखा प्रबंधक श्यामलाल सोलंकी एक माह से अवकाश पर थे, ऐसे में सोसायटी का प्रभार जिलानी के पास था। आरोप है कि सोमवार को बन्हेर सोसायटी से जुड़े खाताधारक और पूर्व भाजपा जिला महामंत्री चंदरसिंह वास्कले, भाजपा कार्यकर्ता भूपेंद्र नायक और आकाश ठाकुर सोसायटी पहुंचे। इन्होंने शाखा प्रबंधक के केबिन में बुलाकर जिलानी से माफी मंगवाई और अभद्र व्यवहार किया। कहा कि 15 दिन से लोन फाइल अटका कर रखी है। इस दौरान जिलानी का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया। वे कुर्सी तक पहुंचे ही थे कि उन्हें हार्ट अटैक आ गया। स्टाफ उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दी समझाइश पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े परिजनों की सूचना पर जैतापुर टीआई सुदर्शन कलोसिया पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों से चर्चा कर समझाइश दी गई, लेकिन वे नहीं माने। टीआई कलोसिया ने बताया कि मामला बिस्टान थानाक्षेत्र का है। देर रात होने के कारण मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इनके खातों में पहुंच चुकी थी लोन राशि शाखा प्रबंधक श्यामलाल सोलंकी ने बताया कि संबंधित खाताधारकों की लोन फाइल स्वीकृत हो चुकी थी और लोन की राशि उनके खातों में जमा भी कर दी गई थी। इसके बावजूद ऐसा कृत्य किया। जिलानी के साथ मैंने भी माफी मांगी। मृतक के भाई शमीम जिलानी ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मेरी तो मैनेजर से चर्चा हुई थी
दो कार्यकर्ता सोसायटी में बैठे थे। जिनके एक फार्म को लेकर शाखा प्रबंधक से चर्चा करने गया था। जैसा बताया जा रहा वैसा कुछ नहीं हुआ। घटना से हम लोग भी आहत है।
– चंदरसिंह वास्कले, भाजपा नेता मामले की जांच की जाएगी
सूचना मिलने पर टीम सोसायटी पहुंची थी। मामले की जांच की जाएगी। जांच के दौरान जो भी तथ्य आएंगे उसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।’
-जितेंद्र सिंह बघेल, टीआई बिस्टान


