फाजिल्का डीसी दफ्तर के सामने चोरी:चोरों ने हथौड़े से जनरेटर तोड़कर कॉपर चुराया, 50 हजार रुपए का नुकसान

फाजिल्का जिला मुख्यालय पर पुलिस प्रशासन के दावों को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। फाजिल्का में डिप्टी कमिश्नर (DC) दफ्तर के ठीक सामने स्थित शहीद उधम सिंह मार्केट में एक कैफे के बाहर लगे जनरेटर में तोड़फोड़ कर चोर उसका कॉपर (तांबा) निकालकर फरार हो गए। पीड़ित दुकान मालिक के अनुसार इस चोरी से उनका लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासी और कैफे मालिक ललित खेड़ा ने बताया कि वे बीती शाम अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात के अंधेरे में आए बेखौफ चोरों ने हथौड़े और चाबियों की मदद से जनरेटर को जबरन खोला और उसमें लगा कीमती तांबा चोरी कर ले गए। सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे, तो जनरेटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला। पहले भी हो चुकी है डेढ़ लाख की चोरी, CCTV का भी डर नहीं ललित खेड़ा ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि DC दफ्तर जैसे अति-संवेदनशील इलाके में भी चोरों को पुलिस या सीसीटीवी कैमरों का कोई खौफ नहीं है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है; इससे पहले भी उनकी दुकान पर इसी तरह की वारदात हो चुकी है, जिसमें उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। अब दोबारा जनरेटर से तांबा चोरी होने के कारण 50 हजार रुपये की चपत लग चुकी है। सख्त कार्रवाई की मांग पीड़ित व्यवसाई ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *