फाजिल्का जिले में जलालाबाद विधानसभा सीट से विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने बताया कि, पंजाब सरकार बिना टोल टैक्स वसूल किए फाजिल्का- फिरोजपुर हाईवे का नवीनीकरण करने जा रही है। जिस पर करीब 86 करोड़ 86 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। करीब 95 किलोमीटर का ये हाईवे बनकर तैयार होगा। बुधवार को मीडिया से बात करते हुए विधायक गोल्डी कंबोज ने कहा कि आने वाले डेढ़ से दो महीने के भीतर यह हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा। विधायक ने दावा किया कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद 2023 में इस हाईवे पर चल रहे दो टोल प्लाजा बंद करवा दिए थे, लेकिन अब बिना टोल टैक्स वसूल किए लोगों को यह सुविधा दी जाएगी। AAP सरकार ने बंद कराए टोल प्लाजा जानकारी देते हुए जलालाबाद हलका विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने बताया कि पंजाब सरकार ने फाजिल्का- फिरोजपुर हाईवे के नवीनीकरण का फैसला लिया है। क्योंकि इससे पहले सरकारें टोल टैक्स लगाकर सड़कों का नवीनीकरण करती थी। लेकिन फाजिल्का- फिरोजपुर हाईवे पर लगे दो टोल टैक्स सरकार ने सत्ता में आने के बाद 2023 में बंद करवा दिए थे। जिनकी शुरुआत 2008 में हुई थी। अब बिना टोल टैक्स लिए लोगों को नई सड़क बनाकर दी जाएगी। विधायक ने कहा कि हाईवे पर बने थेहकलंदर टोल प्लाजा और अमीरखास टोल प्लाजा की जगह आम आदमी क्लिनिक बनाए जाएंगे। करीब 86 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से 95 किलोमीटर लंबा फाजिल्का- फिरोजपुर हाईवे बनाकर दिया जाएगा। जिस पर कोई टोल टैक्स नहीं लगेगा। इतना ही नहीं गारंटी भी ली जाएगी कि सड़क टूटेगी भी नहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले डेढ़ दो महीनों के भीतर ये हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा। जिससे इलाके के लोगों को सुविधा मिलेगी।


