फाजिल्का में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस के संयुक्त अभियान में एक खेत से बंद बोतल में हेरोइन बरामद की गई। यह कार्रवाई जलालाबाद के टाहलीवाला इलाके में की गई, जहां बीएसएफ को हेरोइन से संबंधित अवैध गतिविधि की सूचना मिली थी। बीएसएफ और पुलिस ने इलाके को सील कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान, टाहलीवाला इलाके में एक खेत से पीली टेप से लिपटी एक बोतल बरामद हुई। जांच करने पर पता चला कि बोतल में हेरोइन की खेप भेजी गई थी। बीएसएफ ने हेरोइन को जब्त कर सदर पुलिस के हवाले कर दिया। डीएसपी जलालाबाद जतिंदर सिंह गिल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उचित कार्रवाई की जाएगी। यह बरामदगी फाजिल्का जिले में नशीली दवाओं के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस और बीएसएफ सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीली दवाओं की तस्करी को रोकने के लिए लगातार गश्त कर रहे हैं।


