डीसी दफ्तर के सरकारी कर्मचारी यूनियन के कर्मचारियों द्वारा आज डीसी दफ्तर के गेट के समक्ष प्रदर्शन किया गया और एफआईआर की कॉपियां जलाई गईं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि ओल्ड पेंशन स्कीम व अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे उनकी यूनियन के प्रदेश स्तरीय लीडरों के खिलाफ पुलिस ने कार्यवाही की है। पुलिस ने यूनियन के नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसे रद्द करवाने की मांग को लेकर वे प्रदर्शन कर रहे हैं और दर्ज की गई एफआईआर की कॉपियां जलाई गई हैं। आवाज दबाने की कोशिश कर रही सरकार जानकारी देते हुए डीसी दफ्तर सरकारी कर्मचारी यूनियन के प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों में से धरने के लीडरों पर कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज कर दबाने का प्रयास किया गया है, जबकि भारत में अपनी मांगों के लिए रोष प्रदर्शन करना संवैधानिक हक है। इसलिए न ही कोई उनके हक छीन सकता है और न ही कोई उन्हें डरा सकता है। इसलिए वे अपनी ओल्ड पेंशन स्कीम लेकर रहेंगे। इसी को लेकर आज फाजिल्का में डीसी दफ्तर के समक्ष रोष प्रदर्शन किया जा रहा है और उनके द्वारा एफआईआर की कॉपियां जलाई गई हैं। प्रदर्शनकारी अमन कुमार ने कहा कि उनके सीपीएफ यूनियन के राज्य स्तरीय अध्यक्ष सरदार सुखजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिसे रद्द करवाने के लिए ये एफआईआर की प्रतियां जलाई गई हैं।


