फाजिल्का जिले में अबोहर की न्यू सूरज नगरी में डेराबस्सी के तहसीलदार संदीप चुघ की बंद कोठी में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया जा रहा है, जिससे कोठी का अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और तीन गैस सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाले, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना आज (बुधवार) दोपहर की है। संदीप चुघ वर्तमान में डेराबस्सी में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। उनकी अबोहर स्थित कोठी पिछले काफी समय से बंद पड़ी थी। पड़ोसियों ने कोठी से धुआं निकलते देखा तो तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम सूचना मिलते ही शाम करीब 4 बजे दमकल विभाग की दो गाड़ियां और लगभग 15 कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कोठी के भीतर भीषण आग लगी हुई थी और सामान धू-धू कर जल रहा था। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी के कारण कोठी की दोनों मंजिलों पर रखा सामान, फर्नीचर और रसोई तक का हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। दमकल कर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए आग की चपेट में आए तीन गैस सिलेंडरों को तुरंत कोठी से बाहर निकाला, जिससे किसी बड़े विस्फोट का खतरा टल गया। आग लगने का प्रारंभिक कारण बेडरूम में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग के कर्मचारियों के त्वरित और साहसिक कार्य की सराहना की। तहसीलदार संदीप चुघ को घटना की सूचना दे दी गई थी, लेकिन शाम तक वे मौके पर नहीं पहुंच पाए थे।


