फाजिल्का में आने वाले नगर कौंसिल चुनाव को लेकर सियासत पहले ही सरगर्म होती नजर आ रही है। दरअसल, फाजिल्का नगर कौंसिल में नक्शा लगाया गया और बताया गया कि नई वार्डबंदी कर दी गई है, जिसको लेकर विभिन्न पार्षदों और राजनीतिक नेताओं ने एतराज जाहिर किया है। इसके तहत अब नई वार्डबंदी के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी गई है, जिस पर इंसाफ की मांग की जा रही है। जानकारी देते हुए फाजिल्का से भाजपा नेता रमेश कटारिया ने बताया कि फाजिल्का में आने वाले नगर कौंसिल चुनावों के चलते सत्ताधारी नेताओं ने नई वार्डबंदी कर दी, जबकि नगर कौंसिल के हाउस में नई वार्डबंदी के लिए डाला गया प्रस्ताव सरकार द्वारा पहले ही रद्द किया जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वार्डों को कई टुकड़ों में बांट दिया गया। मनमर्जी से शहर में वार्डबंदी कर दी गई, जिसके खिलाफ अब पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में उनके द्वारा रिट याचिका दायर कर दी गई है। रमेश कटारिया का कहना है कि इसकी सुनवाई 2 जनवरी को होगी, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को माननीय अदालत ने समन भेजे हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा इंसाफ की मांग को लेकर ये कदम उठाया गया है। उधर, नगर कौंसिल ईओ वीर विक्रम धुड़िया का कहना है कि नई वार्डबंदी करवाने के लिए जुलाई 2025 में स्पेशल लेटर भेजी गई थी, जिसके आधार पर नई वार्डबंदी की गई है।


