फाजिल्का में पुलिस एक आरोपी से रिकवरी करवाने के लिए उसे लेकर पहुंची थी। वहां पर छिपकर बैठे आरोपी के साथियों ने उसे छुड़ाने के लिए फायरिंग कर दी। इसमें गोली लगने से आरोपी की ही मौत हो गई, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी फिरोजपुर निवासी बादल को फिरोजपुर में आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। फिरोजपुर पुलिस उसे फाजिल्का के जलालाबाद के अमीरखास के नजदीक रिकवरी करवाने के लिए लेकर पहुंची थी। वहां पहले से छिपकर बैठे आरोपी के साथियों ने फायरिंग कर दी। गोली आरोपी और एक पुलिसकर्मी को लगी। दोनों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस कर्मचारी का इलाज किया जा रहा है। फायरिंग करने वाले आरोपी फरार हो गए। पुलिस से जानिए क्या हुई घटना थाना अमीर खास के इंचार्ज गुरिंदर सिंह ने बताया कि फिरोजपुर की पुलिस आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या में आरोपी बादल को रिकवरी करवाने के लिए माहमूजोईया इलाके में लाया गया था। यहां पर श्मशान घाट के नजदीक उसके साथी छिपकर बैठे हुए थे। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में उनकी गोलियां पुलिस के साथ आए आरोपी को लगीं और एक पुलिस कर्मचारी बलौर सिंह भी जख्मी हो गया। उधर, सरकारी अस्पताल के डॉक्टर करन नागपाल ने बताया कि पुलिस दो लोगों को अस्पताल में लेकर आई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, जबकि घायल पुलिस कर्मचारी का इलाज किया जा रहा है।


