फाजिल्का जिले में भारत-पाकिस्तान सरहद की बीओपी जी जी 3 के इलाके में फायरिंग हुई है । करीब 60 राउंड फायर किए गए है । बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की ओर से तस्कर अंतरराष्ट्रीय तारबंदी से बड़ी तस्करी को अंजाम देने की फिराक में थे । इस दौरान बीएसएफ के जवानों ने उनपर फायरिंग कर दी । वहीं तस्कर पाकिस्तान वापिस भागने में कामयाब रहे । लेकिन स्टेट स्पेशल सेल और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई के सर्च करने पर पाकिस्तान से आया हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है । स्टेट स्पेशल आॉपरेशन सेल और बीएसएफ की कार्रवाई दरअसल पुलिस और बीएसएफ को एक सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी तस्करों द्वारा बीएसएफ बीओपी जी जी 3 के इलाके में रात के समय हथियारों की तस्करी की योजना बनाई जा रही है । सूचना मिलने के बाद स्टेट स्पेशल आॉपरेशन सेल ने बीएसएफ के साथ मिलकर यह संयुक्त तौर पर कार्रवाई को अंजाम दिया। 60 राउंड किए फायर जानकारी के अनुसार आज सुबह पाकिस्तानी तस्करों ने भारत पाक अंतरराष्ट्रीय तारबंदी के इस पार खेप फेंकने का प्रयास किया । जिस पर पहले से अलर्ट टीम ने फायरिंग कर दी । बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब 60 राउंड फायर किए गए । पाकिस्तानी तस्कर वापस भाग गए । हथियार बरामद वहीं इलाके को सर्च किया गया तो 2 किलो 160 ग्राम वजन की हैरोइन के चार पैकेट, 11 ग्लॉक पिस्टल, 22 मैगजीन, एक बरेटा पिस्टल और एक मैगज़ीन, 5 जिगाना पिस्टल और 10 मैगजीन, 3 नॉरिंको पिस्टल और 5 मैगजीन, एक गफ्फर सिक्योरिटी पिस्टल और एक मैगजीन सहित करीब 310 कारतूस बरामद हुए हैं । पुलिस ने केस किया दर्ज बता दे कि दो बैग में बंद ये कुल 20 पिस्टल, 39 मैगजीन, एक गन, दो किलो 160 ग्राम हेरोइन और 310 कारतूस का जखीरा बरामद हुआ है । फिलहाल स्टेट स्पेशल सेल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है ।


