फाजिल्का में भारत माला हाईवे प्रोजेक्ट के लिए सोमवार तड़के तीन बजे बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सीड फॉर्म से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद रहीं। जानकारी के अनुसार फाजिल्का बाईपास से मलोट बाईपास तक बनने वाले रास्ते पर सीड फॉर्म के कब्जाधारी पिछले एक साल से बाधा डाले हुए थे। वे जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। किसान नेताओं को घरों में नजरबंद कार्रवाई से पहले किसान नेताओं को सुबह 4 बजे ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया। जिले के डीएसपी डी, एसपी डी, डीएसपी क्राइम, एसडीएम, सीआईए टू पुलिस, सिटी व खुईयां सरवर पुलिस के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। विधायक ने की कार्रवाई की निंदा अबोहर के विधायक चौ. संदीप जाखड़ ने इस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंंने कहा कि आज सुबह 3 बजे पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीड फॉर्म पर मुआवजे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन को जबरन उठा दिया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। लंबे समय से वहां के किसान मांग कर रहे थे कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, लेकिन आज सरकार ने उन्हें दरकिनार कर दिया। यह मसला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सकता था। मैं सरकार से अपील करता हूं कि उन किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। सीड फॉर्म निवासियों और किसान संगठनों में रोष प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों के पास मकानों या जमीन के मालिकाना कागज थे, उन्हें उचित मुआवजा दिया जा चुका है। कब्जा हटाने के बाद तुरंत मशीनें लगाकर मिट्टी भराई का काम शुरू कर दिया गया। इस कार्रवाई से सीड फॉर्म निवासियों और किसान संगठनों में रोष है।


