पंजाब के फाजिल्का में एक युवक पेड़ काटते समय गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन प्लॉट मालिक ने उसकी मदद नहीं की और वह वही पर तड़पता रहा। घटना अबोहर के गांव धरांगवाला की है। मंगलवार शाम, जब कच्चा सीडफार्म के 35 वर्षीय जसपाल सिंह एक ठेकेदार के माध्यम से गांव धरांगवाला में एक खाली प्लॉट में सफेदे का पेड़ काट रहे थे। अचानक पेड़ जसपाल के ऊपर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें पेड़ के नीचे से निकाला और सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जसपाल का एक पैर इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उनके परिजनों ने बताया कि प्लॉट मालिक ने न केवल घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाने से मना कर दिया, बल्कि किसी तरह की सहायता करने से भी इनकार कर दिया। आखिरकार एक जानकार व्यक्ति की वैन से जसपाल को अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जसपाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जसपाल दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और इस घटना ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को और भी कमजोर कर दिया है।


