फाजिल्का जिले के जलालाबाद में शादी की खुशियां उसे वक्त मातम में बदल गई, जब शादी समारोह में चली गोली के दौरान डीजे वाले के साथ आए युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शादी के बाद दुल्हा अपनी दुल्हन को लेकर घर पर लौटा था। जहां पर डीजे बजाया जा रहा था और परिवार की महिलाएं नाच रही थी। इस दौरान पड़ोसी युवक पैसा फेंक रहे थे। जलालाबाद के बाहमणी वाला रोड रेलवे फाटक के नजदीक की यह घटना है। महिला गुरमीत कौर ने बताया कि उसके बेटे की शादी थी। वह शादी समारोह के लिए गांव गुमानीवाला के नजदीक पैलेस में गए हुए थे। जब डोली लेकर वापस घर लौटे तो घर में नाचगाना चल रहा था। परिवार की लड़कियां नाच रही थी। इसी दौरान पड़ोस से आए युवकों द्वारा लड़कियों पर नोट फेंकना शुरू कर दिए।
डीजे वाले के साथ आया था मृतक युवक आरोपी युवकों को ऐसा करने से मना किया गया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपी युवक अपने साथियों सहित उनके यहां आए। उन्होंने न सिर्फ ईंट- पत्थर बरसाए, बल्कि गाड़ियों की तोड़फोड़ कर जमकर हंगामा भी किया। इस दौरान आरोपी युवकों ने फायरिंग भी की। फायरिंग के दौरान डीजे वाले के साथ आए एक युवक को गोली लग गई। बताया जा रहा है कि 300 रुपए पर मजदूरी के लिए नोट उठाने के लिए लड़का डीजे वाले के साथ आया हुआ था। जिसे गोली लगी है। गोली लगने से घायल हुए युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर युवक को फरीदकोट रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी मौत हो गई है। मृतक युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल सूचना पुलिस को मिली है और पुलिस मौके पर पहुंची है जिनके द्वारा मामले में जांच पड़ताल की जा रही है ।


