फाजिल्का में सूने घर में चोरी करते नशेड़ी युवक गिरफ्तार:नशे की लत पूरी करने के लिए तीन दिन से चुरा रहा था सामान

फाजिल्का जिले के अबोहर में नशे की पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पिछले तीन दिनों से एक बंद मकान को निशाना बना रहा था। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने नशे के काले कारोबार और तस्करों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह चोरी स्थानीय निवासी श्याम लाल बांसल के मकान में हुई है। वह लंबे समय से सपरिवार दिल्ली में रह रहे हैं। उनका अबोहर स्थित मकान बंद पड़ा था। आज दोपहर जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही जब उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कमरे के भीतर एक युवक सामान चोरी कर रहा था। नशे की लत ने बनाया चोर पुलिस की हिरासत में आरोपी ने अपनी पहचान संत नगर निवासी के रूप में बताई है। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह पिछले 4 साल से ‘चिट्टे’ (सिंथेटिक ड्रग्स) का आदी है। आरोपी ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और नशे की खुराक खरीदने के लिए वह चोरियां करता है। उसने कबूल किया कि वह पिछले तीन दिनों से इसी घर से सामान चोरी कर बेच रहा था। नशा तस्करों के नामों का खुलासा पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी ने बताया कि वह चोरी के पैसों से इंदिरा नगरी से नशा खरीदता है। आरोपी ने नशा बेचने वाले 5 बड़े तस्करों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई लाल चंद ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। लोगों में आक्रोश, बोले- चोर पर तस्करों पर भी हो कार्रवाई स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि केवल चोरों पर ही नहीं, बल्कि उन नशा तस्करों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए जो युवाओं को मौत के मुंह में धकेल रहे हैं। इनका कहना है कि जिले में नशा तस्करों का जाल तेजी से फैल रहा है। इसके चलते चोरी लूट छिनैती जैसे अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *