हैदराबाद में तैनात भारतीय सेना के सूबेदार बलजिंदर सिंह (45) की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सेना ने उनके पार्थिव शरीर को गांव लाकर पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया। वह पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव बन्नावाला के रहने वाले थे और 1811 लाइट रेजीमेंट में अपनी सेवाएं दे रहे थे मृतक के बेटे जोबन सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले पेट में इन्फेक्शन की शिकायत के बाद उन्हें सिकंदराबाद मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। सूबेदार बलजिंदर सिंह की सेवानिवृत्ति में मात्र 8 महीने शेष थे। सेना ने उन्हें 26 जनवरी को ऑनरेरी लेफ्टिनेंट और 15 अगस्त को ऑनरेरी कप्तान के पद पर पदोन्नत करने की योजना बनाई थी। कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने बेटे से फोन पर बात की थी और 20 दिन बाद छुट्टी पर घर आने की जानकारी दी थी। सेना के अधिकारियों ने गांव पहुंचकर सरकारी सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया, जिसमें परिवार ने भावुक होकर अपने वीर सैनिक को अंतिम विदाई दी।


